यूरिया बैग को 40 किलो का करना किसान विरोधी निर्णय : अभय चौटाला

Update: 2024-01-09 06:21 GMT

चंडीगढ़, : इनैलो के प्रधान महासचिव एवं ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी है, इसका एक और ताजा उदाहरण सामने आया है। जिसमें केंद्र की सरकार ने यूरिया बैग को 40 किलो का कर दिया है और दाम वही रखे हैं।

पहले यूरिया का एक बैग 50 किलो का आता था जिसको पहले भाजपा सरकार ने 45 किलो का किया और अब उसी बैग को 40 किलो का कर दिया है। पहले 250 रूपए में 50 किलो यूरिया का बैग मिलता था, जिसमें 46 प्रतिशत नाइट्रोजन मिलती थी। यानी एक बैग में 23 किलो नाइट्रोजन मिलती थी। 

अब 250 रूपए में 40 किलो यूरिया मिलेगा, जिसमें 37 प्रतिशत नाइट्रोजन मिलेगी। यानी अब एक बैग से 15 किलो नाइट्रोजन मिलेगी। खाद्य और कृषि संगठन के अनुसार गेहूं, धान और मक्का आदि फसलों में एक टन पैदावार के लिए 25 किलो नाइट्रोजन चाहिए। 

ऐसे में 30 क्विंटल गेहूं की पैदावार के लिए 75 किलो नाइट्रोजन चाहिए। जिसके लिए अब किसानों को 5 बैग यूरिया डालना पड़ेगा। वहीं और अनाज फसलों में सल्फर डालने से फायदे की बजाय नुकसान ज्यादा होगा। 

अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में दिन-रात का अंतर है। जनता से वोट लेने के लिए सरेआम झूठे वायदे करते हैं और सत्ता पर काबिज होने के बाद किए गए वायदों के उलट काम करते हैं। प्रधानमंत्री कहते थे कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी कर देंगे लेकिन उसके उलट आय की बजाय खर्चे दोगुना बढ़ा दिए हैं।

बीजेपी-जेजेपी की सरकार में अन्नदाता का जमकर उत्पीड़न किया जा रहा है। भाजपा-जजपा सरकार में किसानों की सुनने वाला कोई नहीं है। उलटा किसानों को जमकर लूटा जा रहा है।

Tags:    

Similar News