ब्रेकिंग न्यूज़

कांग्रेस ने बाबा भीमराव अंबेडकर का अपमान किया, भाजपा ने बाबा साहेब के घर को स्मारक बनाया: योगी आदित्यनाथ

Congress insulted Baba Bhimrao Ambedkar, BJP made Baba Saheb's house a memorial: Yogi Adityanath

कांग्रेस का काम सिर्फ लोगों को बरगलाना और वोट बैंक बनाना : योगी आदित्यनाथ

कांग्रेस केवल सत्ता के लिए राजनीति करती,भाजपा देश के भविष्य के लिए काम कर रही: योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रत्याशी कृष्ण वेदी के समर्थन में नरवाना में की विशाल जनसभा

नरवाना (जींद) 22 सितंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा प्रत्याशी कृष्ण वेदी के समर्थन में नरवाना विधानसभा क्षेत्र में विशाल जनसभा की। इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने भाजपा की उपलब्धियां तो बताई ही साथ में कांग्रेस को भी जमकर लपेटा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा से भारत के महापुरुषों का अपमान किया है। चाहे वह श्री राम हों, श्री कृष्ण हों, या फिर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर। योगी ने कहा कि जब भी कांग्रेस को सत्ता मिली, उन्होंने अनुसूचित जातियों पर अत्याचार किए।

कांग्रेस की नीतियां हमेशा देश को कमजोर करने वाली रही हैं। उन्होंने जातिवाद और संप्रदायवाद को बढ़ावा देकर समाज में फूट डालने का काम किया। कांग्रेस कभी भी देश के विकास और सुरक्षा के लिए गंभीर नहीं रही। योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर बाबा साहेब अंबेडकर के अपमान का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब का अपमान किया था और उन्हें चुनाव में हराने की साजिश रची थी। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब अंबेडकर के सम्मान में कई योजनाओं की शुरुआत की, जैसे बाबा साहब के घर को स्मारक में तब्दील करना और उनकी शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना।

कांग्रेस केवल सत्ता के लिए राजनीति करती है, जबकि भाजपा देश के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए काम करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसान, महिला, युवा और व्यापारियों के हितों का ध्यान रखा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा अब परिवारवाद और भ्रष्टाचार का नहीं, बल्कि विकास का केंद्र बना है। इस दौरान उनके साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, नरवाना प्रत्याशी कृष्ण वेदी, जींद जिलाध्यक्ष तेजिंदर ढुल, प्रभारी मदन गोयल, पूर्व सांसद अशोक तंवर, नरवाना विधानसभा प्रभारी ओम प्रकाश शर्मा व पूर्व विधायक पृथ्वी सिंह सहित अन्य नेतागण मंच पर उपस्थित रहे।

राम मंदिर निर्माण में देरी के लिए कांग्रेस जिम्मेदार
योगी आदित्यनाथ ने अपने भाषण की अयोध्या का जिक्र करते हुए की। उन्होंने कहा कि अयोध्या में वर्षों से लंबित राम मंदिर का निर्माण अब पूरा हो चुका है। योगी ने राम मंदिर निर्माण में देरी के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि अगर आजादी के बाद तुरंत राम मंदिर का निर्माण नहीं हो पाया, तो इसके लिए कांग्रेस की नीतियां जिम्मेदार हैं। योगी आदित्यनाथ ने भाजपा सभी का सम्मान करने वाली पार्टी है और अयोध्या के नेशनल एयरपोर्ट का नाम “महर्षि वाल्मीकि” के नाम पर रखना एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने यह भी कहा कि यह काम केवल भाजपा की सरकार ही कर सकती है, जो महापुरुषों के सम्मान में ऐसे बड़े कदम उठाती है।

कृष्ण बेदी योग्य नेता: योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा के दौरान भाजपा के उम्मीदवार कृष्ण बेदी की तारीफ करते हुए उन्हें एक कर्मठ और योग्य नेता बताया। उन्होंने कहा कि कृष्ण बेदी ने हमेशा सभी जातियों और समुदायों को साथ लेकर चलने का काम किया है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे कृष्ण बेदी को विजयी बनाएं। अंत में, योगी आदित्यनाथ ने सभी से संकल्प करवाया कि देश और राज्य के विकास के लिए भाजपा का साथ देंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही वह पार्टी है, जो देश को सुरक्षा और विकास दोनों दे सकती है।

यूपी में दंगे खत्म किए, हरियाणा में अभूतपूर्व विकास
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने राज्य की तुलना हरियाणा से करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने विकास की नई राहें खोली हैं। वहां पिछले साढ़े सात वर्षों में एक भी दंगा नहीं हुआ है। इससे पहले, उत्तर प्रदेश में दंगे आम बात थे, लेकिन भाजपा की सरकार ने प्रदेश को दंगों से मुक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा ने भी अभूतपूर्व विकास देखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जाति, धर्म, और संप्रदाय से ऊपर उठकर विकास कार्य किए हैं और हरियाणा को भारत के विकास के केंद्र में लाने का काम किया है।

कृष्ण बेदी बनेंगे विधायक और नायब सिंह सैनी बनेंगे मुख्यमंत्री: मोहन लाल बड़ौली
भाजपा प्रदेशाधक्ष मोहन लाल बड़ौली ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नरवाना की जनता ने भाजपा उम्मीदवार कृष्ण बेदी को विधानसभा में भेजने का संकल्प लिया है। उन्होंने हरियाणा में भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं के सम्मान, युवाओं को रोजगार और वृद्धावस्था पेंशन में वृद्धि जैसे कार्यों की सराहना की। मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र के अनुसार चुनाव जीतने पर भाजपा सरकार हरियाणा की बहनों को 21 हजार रुपये और 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएगी। मोहन लाल बड़ौली ने जनता को भरोसा दिलाया कि इस बार नरवाना में कमल खिलेगा,कृष्ण बेदी विधायक बनेंगे और नायब सिंह सैनी मुख्यमंत्री बनेंगे।

मोदी जी के नेतृत्व में देश व प्रदेश में विकास को मिली नई दिशा
नरवाना में भाजपा प्रत्याशी कृष्ण बेदी ने भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में जनता से मतदान की अपील की। उन्होंने कहा, “मैं आप सभी से निवेदन करता हूं कि 5 तारीख को कमल के फूल पर बटन दबाकर भाजपा की सरकार बनाने का काम करें। भाजपा की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सपनों का हरियाणा बनाने का कार्य करेंगे। कृष्ण वेदी ने कहा कि भाजपा की सरकार ने किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश को नई दिशा दी है। उन्होंने जनता से वादा किया कि वे उनके विश्वास को कभी टूटने नहीं देंगे और भाजपा के विकास कार्यों को और आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि मोदी जी की नीतियों पर मोहर लगाइए और 5 तारीख को कमल के फूल पर बटन दबाइए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button