हरियाणा के मुख्यमंत्री ने गणतंत्र दिवस पर प्रदेशवासियों के लिए बड़ी घोषणा, 11 शहरों में मिलेंगे 30-30 गज के प्लाट

कहा, 11 शहरों के लिए मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत कर सकेंगे आवेदन

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने गणतंत्र दिवस पर प्रदेशवासियों के लिए बड़ी घोषणा, 11 शहरों में मिलेंगे 30-30 गज के प्लाट
X

करनाल। सीएम मनोहर लाल ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत एक फरवरी से प्लॉट के आवंटन के लिए पोर्टल खुलेगा। इसमें 11 शहरों में 30 वर्ग गज का प्लॉट दिया जाएगा। इसके अलावा अब हर माह बिजली बिल आएगा। फिलहाल चार जिलों में इसे पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जाएगा। सीएम गणतंत्र दिवस के अवसर पर करनाल में हुए जिलास्तरीय समारोह में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे थे। नई पुलिस लाइन के मैदान में उन्होंने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।

उन्होंने किसानों और मजदूरों के हित में प्रदेश की 15 और मंडियों में अटल कैंटीन खोलने की घोषणा की। कहा कि मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना में आवेदनकर्ता मामूली राशि जमा करवा कर इसमें भागीदारी कर सकेंगे। ऐसे लोगों को बैंकों से ऋण उपलब्ध करवाया जाएगा और केंद्र व राज्य सरकार की ओर से भी सहयोग किया जाएगा। इस योजना के तहत अभी तक एक लाख लोगों ने आवेदन किया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हरियाणा के चार नागरिकों को पद्मश्री मिलने पर बधाई दी। इनमें कलाकार महावीर गुड्डू, सामाजिक कार्यकर्ता गुरविंदर सिंह, कृषि वैज्ञानिक हरी ओम व श्रीराम शामिल हैं।

हर माह बिजली बिल से लोगों को होगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की मांग थी कि बिजली के बिल दो महीने की बजाय हर माह आने चाहिए। इसके लिए अब पहले चरण में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर एक फरवरी से चार जिलों में इसे लागू कर रहे हैं। इनमें हिसार, महेंद्रगढ़, करनाल और पंचकूला शामिल है, जहां मासिक बिल आएंगे। शुरुआत में मीटर रीडिंग लेने के लिए निगम की ओर से कर्मी जाएंगे। बाद में उपभोक्ता स्वयं मोबाइल एप से मीटर की रिडिंग भेजा करेंगे। इससे लोगों को लाभ मिलेगा।

प्रदेश की 40 मंडियों में सालभर मिलेगा भोजन

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों, किसानों को सस्ती दरों पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश की 25 मंडियों में अटल कैंटीन चलाई जा रही हैं, जोकि वर्तमान में पांच महीने के लिए संचालित की जाती हैं। अब एक फरवरी से 15 और मंडियों में अटल कैंटीन खोली जाएंगी और सभी 40 मंडियों में यह कैंटीन अब पांच माह की बजाय सालभर चला करेंगी।

बोले, एक ही परिवार के शासन से नहीं हुआ गणतंत्र का आभास... मुख्यमंत्री ने कहा कि 1950 में संविधान लागू तो हुआ लेकिन गणतंत्र का आभास जनता को नहीं हो पाया। यह जनता का शासन है, जनता के द्वारा है और जनता के लिए है, ये सब बातें सिर्फ कही गई लेकिन देश की आजादी के बाद लगभग 60 साल तक भी लोगों को गणतंत्र का लाभ नहीं हुआ। बल्कि एक ही परिवार ने देश की शासन व्यवस्था को चलाया। वर्ष 1975-1977 के बीच जब आपातकाल लगा तो उस दौरान हुए अत्याचारों ने जनता को जागरूक किया और पहली बार जनता ने जब शासन व्यवस्था बदली, तब गणतंत्र का आभास हुआ।

Tags:
Next Story
Share it