3 राज्यों के लोगों को होगा फायदा, गुरुग्राम को जल्द मिलेगी चंडीगढ़ तक के लिए वंदे भारत ट्रेन

3 राज्यों के लोगों को होगा फायदा, गुरुग्राम को जल्द मिलेगी चंडीगढ़ तक के लिए वंदे भारत ट्रेन
X

गुड़गांव, (ब्यूरो): रेल यात्रियों की सुविधा के लिए सदैव सक्रिय रहते हुए स्थानीय अधिकारियों से लेकर रेल मंत्रालय के अधिकारियों, रेल मंत्री तक सुझाव पहुंचाने वाले रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य डा. डीपी गोयल के प्रयासों से अब गुरुग्राम से चंडीगढ़ (अजमेर-दिल्ली वंदे भारत) तक वंदे भारत रेल सेवा की भी शुरुआत होने जा रही है। जल्द ही इस ट्रेन की समय सारिणी जारी होगी।

डा. डीपी गोयल ने इस नेक कार्य के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव, केंद्रीय सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राव इंद्रजीत सिंह, भाजपा केंद्रीय संसदीय बोर्ड व केंद्रीय चुनाव समिति की सदस्या डा. सुधा यादव का भी आभार जताया है। सभी के प्रयासों से यह रेल सेवा मिलना संभव हुआ है, जोकि ऐतिहासिक कार्य है। जिस दिन चंडीगढ़ तक वंदे भारत रेल का संचालन शुरू होगा, उस दिन स्वागत किया जाएगा। डा. डीपी गोयल ने कहा कि वंदे भारत ट्रेन से रेवाड़ी, गुरुग्राम के रेल यात्रियों को चंडीगढ़ तक जाने की सुविधा मिलेगी।

डा. डीपी गोयल ने कहा कि रेलवे के सीपीटीएम समीर कुमार राय की ओर से इस ट्रेन के संचालन की जानकारी दी गई है। यह गुरुग्राम, रेवाड़ी के लिए खुशी की बात है। गुरुग्राम से चंडीगढ़ तक ट्रेन संचालन की मांग बहुत लंबे समय से वे कर रहे थे। यात्रियों से मिलने वाली फीडबैक को रेल मंत्रालय तक पहुंचाया जाता रहा है।

तीन राज्य राजस्थान, हरियाणा व पंजाब इस ट्रेन के संचालन से कनेक्ट हो जाएंगे। ट्रेन का चंडीगढ़ तक जाना पंजाब से भी कनेक्टिविटी मानी जाएगी। पर्यावरण संरक्षण विभाग भाजपा हरियाणा प्रमुख एवं एक भारत श्रेष्ठ भारत कमेटी के प्रदेश सह-संयोजक नवीन गोयल ने कहा कि चंडीगढ़ हरियाणा की राजधानी है तो गुरुग्राम हरियाणा की आर्थिक राजधानी है। गुरुग्राम से चंडीगढ़ के लिए रोजाना अधिकारी, कर्मचारी, नेता, कार्यकर्ता आते-जाते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जिस दिन यह ट्रेन चंडीगढ़ के लिए जाएगी, हम सबको रेलवे स्टेशन गुरुग्राम पर भव्य स्वागत करना है। गुरुग्राम, रेवाड़ी के दैनिक यात्रियों के लिए यह ट्रेन लाइफ लाइन बनने जा रही है।

Tags:
Next Story
Share it