Weathet Update: मानसून ने पकड़ी गति, प्रदेश में इस दिन से शुरू होगी बारिश

कई जगह हल्की बारिश ने थोड़ी देर दिलाई राहत, बाद में उमस ने किया बेहाल, 30 तक हरियाणा में दस्तक देगा मानसून

Weathet Update: मानसून ने पकड़ी गति, प्रदेश में इस दिन से शुरू होगी बारिश
X

खेत खजाना: चंडीगढ़। मानसून एक्सप्रेस ने गति पकड़ ली है। शुक्रवार को मानसून ने कर्नाटक व छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, आंध्र प्रदेश, ओडिशा झारखंड बिहार व पूर्वी हिस्सों को कवर कर लिया। मानसून के आगे बढ़ने की अनुकूल परिस्थितियां हैं।

हरियाणा में भी 30 जून तक मानसून पहुंचने के आसार हैं। कुछ रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि मानसून एक दो दिन पहले या दो बाद भी पहुंच सकता है। इससे गर्मी व उमस से जूझ रहे हरियाणा को अब राहत मिल जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक 25 से 27 जून तक हरियाणा में बारिश के संकेत हैं। 25 व 26 को उत्तरी हरियाणा के कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। 27 जून के बाद भी कुछ इलाकों में बादल छाए रहेंगे। यदि मानसून की यही गति बरकरार रहती है तो 29 व 30 जून से बारिश का फिर दौर शुरू होगा, जो जुलाई के पहले हफ्ते तक जारी रहेगा।

हालांकि इसकी पुष्टि अगले एक दो दिन में मानसून की चाल से होगी। हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई इलाके इस समय गर्मी व उमस से जूझ रहे हैं। चंडीगढ़ मौसम विज्ञानी एके सिंह का कहना है कि विपरजॉय की वजह से पूरे उत्तर भारत में नमी बढ़ गई है। इससे पसीने वाली गर्मी हो रही है। कुछ इलाकों में तापमान तो सामान्य से कम हैं, लेकिन उमस की वजह से लोगों को गर्मी ज्यादा महसूस हो रही है। चंडीगढ़ में नमी की मात्रा 95 फीसदी दर्ज की गई।

सिरसा में 43° पहुंचा तापमान

शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 43 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। हालांकि सिरसा, फतेहाबाद व हिसार को छोड़ बाकी शहरों में तापमान 40 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। वहीं कई इलाकों में बारिश भी दर्ज की गई।

अंबाला, करनाल, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र, पंचकूला, रेवाड़ी और सोनीपत में बारिश हुई। इससे लोगों को कुछ देर के लिए राहत मिली, लेकिन बाद में उमस ने फिर से गर्मी बढ़ा दी।

Tags:
Next Story
Share it