ब्रेकिंग न्यूज़

ग्रीन बूथ वोटरों को देंगे पर्यावरण बचाने का संदेश

नई पहल • वोट देने पहुंचे मतदाताओं को गर्मी से बचाने के लिए किए जाएंगे पुख्ता प्रबंध, वोटरों को दिए जाएंगे पौधे

बठिंडा : मतदान के प्रति जागरूकता के लिए अभी तक पिंक बूथ, आदर्श बूथ बनाये जाते थे, अब पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए ग्रीन बूथ बनाए जाएंगे। चुनाव आयोग की ओर से ग्रीन बूथ बनाने के लिए निर्देश दिए गए हैं। ग्रीन बूथ के माध्यम से मतदान के साथ-साथ पर्यावरण को सुरक्षित करने का भी संदेश भी दिया जाएगा। ग्रीन बूथ पर मतदाताओं को वोट के बदले पौधे देकर सम्मानित किया जाएगा।

बठिंडा में इस बार चुनाव आयोग की ओर से दो ग्रीन बूथ बनाने की तैयारी की जा रही है। डबवाली रोड स्थित खेतीबाड़ी दफ्तर में ग्रीन बूथ बनाने की योजना है। ग्रीन बूथ बनाने का काम प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को दिया गया है। इस बूथ पर रंगोली, हैंड्मेड सजावट, पानी के लिए सुंदर मटकों को रखवाया जाएगा। यहां पर पहले वोट डालने के लिए आने वालों को पौधे दिए जाएंगे। इसके अलावा सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जाएगा।

मॉडल और पिंक बूथ भी बनेंगे, वोटरों को गर्मी से बचाने के लिए भी होंगे पुख्ता प्रबंध इसके अलावा हर विधानसभा क्षेत्र में मॉडल व पिंक पोलिंग बूथ भी बनाए जाएंगे। इन पोलिंग बूथ को फूलों और गुब्बारों से सजाया जाएगा। पहली नजर में आपको यह मतदान स्थल कम शादी का मंडप ज्यादा लगेगा। साथ में मतदान करने आने वाले लोगों को धूप और गर्मी ना लगे इसके लिए सिर के ऊपर चांदनी और टेंट लगाया जाएगा। ग्रीन कारपेट बिछाया जाएगा।

पीने के पानी की व्यवस्था होगी। मतदाताओं के लिए सोफा लगाए जाएंगे और सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। पिंक बूथ को महिला सशक्तीकरण से भी जोड़कर देखा जाता है। हालांकि इसका मुख्य मकसद है कि हर महिला व पुरुष को वोट देने का सुखद अनुभव हो। ये उन्हें बूथ तक लेकर आने की पहल है, ताकि चुनावी प्रक्रिया में महिलाओं की ज्यादा भागीदारी हो सके।

बताये जाएंगे प्लास्टिक के नुकसान

ग्रीन बूथ पर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले प्लास्टिक के बारे में भी जागरूक किया जाएगा। हो सकता है यहां पर कर्मचारी भी हरे रंग के कपड़े पहन कर आएं। युवाओं को लुभाने के लिए युवा बूथ, महिलाओं के लिए पिंक बूथ और पर्यावरण संरक्षण के लिए हरित बूथ बनाकर मतदाताओं को मतदान बूथ तक आने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। हर विधानसभा क्षेत्र में दो-दो बूथ विशेष रूप से बनाए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button