गर्मी ने किया बेहाल, सिरसा देश का दूसरा सबसे गर्म जिला

Subhash Hudda
By Subhash Hudda

चंडीगढ़ / सिरसा,  देश में नौतपा का आज पांचवां दिन है। हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भीषण गर्मी का दौर जारी है। दो दिन से सिरसा देश का दूसरा सबसे गर्म जिला रहा। यहां का अधिकतम तापमान 50.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पहले स्थान पर राजस्थान का चुरू है। वहां का अधिकतम तापमान 50.5 रिकॉर्ड किया गया है। सिरसा के बाद हिसार के बालसमंद का तापमान 49.3 और नूंह का तापमान 49 डिग्री दर्ज किया गया। हिसार में इससे पहले 26 मई 1998 को 48.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। इसी तरह करनाल ने भी नया रिकॉर्ड बनाया।

करनाल के उचानी में 46.5 डिग्री तापमान रहा। इससे पहले 29 मई 1962 को 46 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। हिसार, नारनौल, सिरसा और रोहतक में हालात ज्यादा खराब हैं। मौसम विशेषज्ञ डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि सिंध, बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आने वाली पश्चिमी शुष्क गर्म हवाओं से ऐसा हो रहा है।

ये हवाएं राजस्थान से होकर आ रही हैं, सिरसा जिला राजस्थान के सबसे करीब है, इसलिए इन गर्म हवाओं का सबसे ज्यादा असर सिरसा पर सीधे पड़ रहा है। वहीं मौसम विभाग ने पंजाब के 6 जिलों में हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और बठिंडा शामिल हैं। जबकि बाकी जिलों में ऑरेंज अलर्ट है।

सभी शहरों में आज तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी। उधर, चंडीगढ़ में भी आज हीट वेव का रेड अलर्ट है। मौसम विभाग का मानना है कि आज टेम्परेचर 45 डिग्री क्रॉस कर जाएगा। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। साथ ही एक जून के बाद वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने के कारण बारिश के साथ तापमान में कुछ गिरावट  होने की संभावना है।

Share This Article