सोना चांदी का भाव

जयपुर में आज चांदी का भाव 92 हजार रुपए किलो संभव, ये है सबसे बड़ा कारण ?

जयपुर में आज चांदी का भाव 92 हजार रुपए किलो संभव, ये है सबसे बड़ा कारण ?

खेत खजाना : जयपुर, इस साल चांदी की चमक ने भी निवेशकों को चकाचौंध किया है। शुक्रवार रात एमसीएक्स में चांदी पहली बार 91 हजार रुपए प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। इसके चलते शनिवार को जयपुर में चांदी 92 हजार रुपए के भाव बिकने का अनुमान है। एमसीएक्स पर चांदी में एक दिन में 3800 रुपए प्रति किलोग्राम का उछाल आया है। चांदी इस साल 4 अप्रैल को पहली बार 80 हजार के पार होकर 81,200 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी थी।

इसके बाद 51 दिन में चांदी 10 हजार रुपए प्रति किलोग्राम महंगी हो चुकी है। वर्ष 2023 के आखिरी कारोबारी दिन 30 दिसंबर को चांदी 75,800 रुपए प्रति किलो थी। इसके बाद से अब तक साढ़े चार माह में चांदी 21 फीसदी से ज्यादा चढ़ी है। हालांकि फरवरी में एक बार चांदी 72,500 रु. के भाव पर भी आ गई थी। औद्योगिक खपत बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी 33 डॉलर प्रति आउंस तक जा सकती हैं। ऐसा हुआ तो घरेलू बाजार में कीमत एक लाख रुपए किलो तक जाएगी।

अब 1 ग्राम सोना 80 ग्राम चांदी के ही बराबर

यदि कीमत उच्चतम स्तर तक जाती है तो घरेलू बाजार में चांदी 1.5 लाख रुपए प्रति किलो होगी। • अभी अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी 31 डॉलर प्रति आउंस के करीब है। इसकी कीमत 33 डॉलर तक जाने का अनुमान है। • वर्ष 2019 में यह अनुमान लगाया गया था कि 165 वर्ष तक मांग को पूरा करने के लिए धरती के नीचे चांदी का भंडार है, लेकिन अब अनुमान बदले जा रहे हैं।
अगस्त, 2023 के बाद पहली बार सोना-चांदी का अनुपात 80 अंक से नीचे आया है। आदर्श अनुपात 85 माना जाता है। यानी एक ग्राम सोने की कीमत में 85 ग्राम चोदी आनी चाहिए। लेकिन शुक्रवार को 80 ग्राम चांदी ही मिली। • अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी अपने उच्चतम स्तर 50 डॉलर प्रति आउंस से अभी 19 डॉलर नीचे है।

कारण वित्तीय अनिश्चितता में सोना-चांदी सुरक्षित निवेश बन रहा

सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी, जयपुर के महासचिव मातादीन सोनी के मुताबिक, भौगोलिक तनाव व दुनिया में वित्तीय अनिश्चितता के कारण सोना-चांदी में निवेश बढ़ा है। इससे चांदी में और तेजी संभव है, क्योंकि दुनियाभर के केंद्रीय बैंक सोना खरीद रहे हैं, इससे चांदी को सपोर्ट मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button